StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

शेयर बाजार में तेजी: सेंसेक्स 450 अंक चढ़ा, 76,600 के पार; निफ्टी भी 23,950 के करीब

एशियाई बाजारों में भी बढ़त, घरेलू निवेशकों ने 7 दिन में 14,226 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे

मुंबई। शेयर बाजार में शुक्रवार, 4 सितंबर को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 450 अंक चढ़कर 76,600 के स्तर पर पहुंच गया है। वहीं निफ्टी में भी करीब 50 अंकों की बढ़त है और यह 23,950 के आसपास कारोबार कर रहा है। बाजार में खरीदारी का असर कई प्रमुख शेयरों पर दिखाई दे रहा है।

एशियाई बाजारों में भी तेजी

भारतीय बाजार के साथ एशियाई शेयर बाजारों में भी शुक्रवार को तेजी रही। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 81 अंक यानी 1.24% चढ़कर 6,673 पर पहुंच गया। जापान का निक्केई 569 अंक यानी 0.89% की बढ़त के साथ 64,784 और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 528 अंक यानी 2.14% ऊपर 25,741 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

घरेलू निवेशकों की खरीदारी जारी

घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII ने पिछले 7 दिनों में 14,226 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। बीते 30 दिनों में उनकी खरीदारी 64,387 करोड़ रुपए रही। दूसरी ओर, FII/FPI ने पिछले 7 दिनों में 2,500 करोड़ रुपए की बिकवाली की है। 30 दिनों में विदेशी निवेशकों की कुल बिकवाली 4,471 करोड़ रुपए रही।

कल सेंसेक्स 417 अंक गिरा था

गुरुवार, 3 सितंबर को बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। इंडिकेटिव क्लोजिंग के दौरान सेंसेक्स करीब 2,100 अंक तक फिसल गया था। हालांकि फाइनल क्लोजिंग में गिरावट 417 अंक यानी 0.55% रही और सेंसेक्स 76,153 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 41 अंक यानी 0.17% गिरकर 23,873 पर बंद हुआ।

पुट ऑप्शन 95 से 446 रुपए पहुंचा

एक्सपायरी के दिन 76,600 स्ट्राइक का पुट ऑप्शन दोपहर 3:15 बजे 95 रुपए पर था। क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के दौरान सेंसेक्स 76,152 पर आने के बाद इसकी कीमत बढ़कर 446 रुपए हो गई। वहीं कॉल ऑप्शन की वैल्यू जीरो हो गई। इस बदलाव से पुट खरीदारों को फायदा हुआ, जबकि कॉल राइटर्स और सेलर्स को नुकसान हुआ।

3 अगस्त से लागू हुआ CAS

क्लोजिंग ऑक्शन सेशन यानी CAS भारतीय शेयर बाजार में 3 अगस्त से लागू किया गया है। इसके तहत बाजार बंद होने से पहले ऑर्डर्स को मैच कर शेयरों की आधिकारिक क्लोजिंग कीमत तय की जाती है। इससे पहले क्लोजिंग प्राइस के लिए आखिरी 30 मिनट के वेटेड एवरेज यानी VWAP का इस्तेमाल किया जाता था।

Related Articles

Back to top button