गन्ने का मूल्य 425 रुपए क्विंटल होने पर किसानों में खुशी, विजय शर्मा को शक्कर से तौला

कवर्धा में किसान संघों ने किया अभिनंदन, गन्ना भेंटकर जताया आभार; बोले- बढ़ेगी आय
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गन्ने का मूल्य 425 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने पर कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है। बुधवार को कवर्धा में किसान संघों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा का भव्य स्वागत किया। किसानों ने उन्हें गन्ना भेंटकर आभार जताया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री को शक्कर की बोरियों से तौलकर सम्मानित भी किया गया।
जिला पंचायत कार्यालय और विधायक कार्यालय के पास आयोजित कार्यक्रम में किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत किया। किसानों का कहना है कि गन्ने का मूल्य बढ़ने से जिले के हजारों गन्ना उत्पादक परिवारों को लाभ मिलेगा। इससे खेती की बढ़ती लागत की भरपाई करने में मदद मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
गन्ने की खेती को मिलेगा प्रोत्साहन
किसानों ने कहा कि कबीरधाम जिला गन्ना उत्पादन के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में गन्ने का बेहतर मूल्य मिलने से उन्हें अपनी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलेगा। मूल्य वृद्धि से किसानों की आय बढ़ने के साथ गन्ने की खेती को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने इस फैसले को गन्ना उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता: शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों के स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और खुशहाली राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
शर्मा ने कहा कि किसान अन्नदाता हैं और उनकी मेहनत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देती है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले और कृषि से जुड़े परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बनें, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में किसानों और किसान संगठनों ने राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।





