ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, 6 ट्रैक्टर जब्त

चीचगोहना पुल, मरिहीघाट और पिपरिया में खनिज विभाग की दबिश; थानों में रखे गए वाहन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच के दौरान इन वाहनों को रेत का अवैध परिवहन करते पकड़ा। जब्त वाहनों को मरवाही और गौरेला थानों में सुरक्षार्थ रखा गया है। वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

तीन जगहों पर हुई कार्रवाई

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मरवाही क्षेत्र में चीचगोहना पुल के नीचे अवैध रूप से रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं, मरिहीघाट क्षेत्र में रेत से भरे 3 ट्रैक्टर जब्त किए गए। इन पांचों वाहनों को मरवाही थाने में रखा गया है। इसके अलावा गौरेला क्षेत्र के पिपरिया में जांच के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इस वाहन को गौरेला थाने में सुरक्षित रखा गया है।

अर्थदंड जमा करने के बाद ही छूटेंगे वाहन

खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त ट्रैक्टरों के मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित अर्थदंड या समझौता राशि खनिज मद में जमा कराने के बाद ही नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।

अवैध खनन रोकने निगरानी तेज

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने खनिज संपदा के संरक्षण और अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया है। जिला प्रशासन और खनिज विभाग की टीमें लगातार निगरानी और जांच कर रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार, अवैध खनिज कारोबार से होने वाले राजस्व नुकसान को रोकने के साथ प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण का संरक्षण भी कार्रवाई का उद्देश्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button