ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से बदलेगा बिजली बिल का नियम, देर से भुगतान पर अब मासिक नहीं, रोजाना लगेगा ब्याज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए 1 जुलाई से नई बिलिंग व्यवस्था लागू होने जा रही है।

अब बिजली बिल जमा करने में देरी होने पर पूरे महीने का लेट पेमेंट सरचार्ज नहीं लगेगा। इसके बजाय जितने दिनों की देरी होगी, उसी के हिसाब से प्रतिदिन ब्याज लिया जाएगा।

राज्य विद्युत नियामक आयोग (सीएसईआरसी) ने नए टैरिफ आदेश में यह बदलाव किया है। हालांकि, बिजली दरों में बढ़ोतरी के कारण उपभोक्ताओं के मासिक बिल में इजाफा भी देखने को मिलेगा।

अब तक लागू व्यवस्था के तहत बिल की नियत तिथि निकलते ही उपभोक्ताओं पर 1.5 प्रतिशत मासिक लेट पेमेंट सरचार्ज लगाया जाता था। चाहे भुगतान में एक दिन की देरी हो या पूरे महीने की, जुर्माना पूरे महीने का देना पड़ता था। नई व्यवस्था में यह नियम बदल दिया गया है। अब विलंब शुल्क 0.04 प्रतिशत प्रतिदिन की दर से लगाया जाएगा, जिससे कम दिनों की देरी करने वाले उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

कुछ दिनों की देरी करने वालों को मिलेगा फायदा

नियामक आयोग का मानना है कि दैनिक आधार पर ब्याज वसूली की व्यवस्था अधिक पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी होगी। इससे उन लोगों को अनावश्यक अतिरिक्त भुगतान नहीं करना पड़ेगा, जो किसी कारणवश कुछ दिन की देरी से बिल जमा करते हैं।

बिजली दरों में भी हुई बढ़ोतरी

नई टैरिफ दरों के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली की कीमत में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके चलते बिजली खपत के आधार पर मासिक बिल में करीब 30 रुपये से 500 रुपये तक का अतिरिक्त भार पड़ सकता है।

वहीं व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक बिजली महंगी की गई है। कृषि उपभोक्ताओं को मिलने वाली कुछ रियायतों और श्रेणियों में भी बदलाव किया गया है।

नई व्यवस्था का उद्देश्य बिलिंग प्रणाली को अधिक न्यायसंगत बनाना है, लेकिन बढ़ी हुई बिजली दरों के कारण उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button