Cocktail 2 Worldwide Collection: ‘वेलकम टू द जंगल’ की एंट्री भी नहीं रोक पाई ‘कॉकटेल 2’, 8 दिन में 114 करोड़ पार

मुंबई। 19 मार्च को रिलीज हुई शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। शुरुआती दिनों में मिली मिली-जुली समीक्षाओं के बावजूद फिल्म को दर्शकों का अच्छा साथ मिल रहा है। खास बात यह है कि अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज भी ‘कॉकटेल 2’ की रफ्तार को धीमा नहीं कर सकी।
रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा फिल्म ने घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी दमदार कमाई की है। नॉर्थ अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, मिडिल ईस्ट और ऑस्ट्रेलिया जैसे प्रमुख बाजारों में फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के पहले सप्ताह में ही फिल्म ने दुनियाभर में 108 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया था।
अब आठवें दिन के ताजा आंकड़े भी सामने आ गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक होमी अदजानिया की इस फिल्म ने महज 8 दिनों में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 114.67 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। शुक्रवार को ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज के बावजूद फिल्म ने एक ही दिन में वैश्विक स्तर पर 5.72 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की।
विदेशी बाजार में भी ‘कॉकटेल 2’ की पकड़ मजबूत बनी हुई है। फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 25.50 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि आठवें दिन विदेशों में करीब 62 लाख रुपये की कमाई हुई। वहीं भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 74.75 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 89.17 करोड़ रुपये हो गया है।
करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को अभी अपना लागत मूल्य निकालने के लिए लगभग 35.33 करोड़ रुपये की और जरूरत है। जिस रफ्तार से फिल्म की कमाई जारी है, उसे देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में ‘कॉकटेल 2’ आसानी से अपना बजट वसूल कर सकती है और बॉक्स ऑफिस पर एक सफल फिल्म के रूप में उभर सकती है।





