ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अब सहकारी समितियों से मिलेगी ड्रोन स्प्रेयर की सुविधा: बलौदाबाजार में योजना शुरू, 50 हजार एकड़ में होगा छिड़काव

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने किया शुभारंभ, 5 समितियों में तैनात किए गए 11 ड्रोन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की पांच प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में ड्रोन स्प्रेयर सेवा शुरू कर दी गई है।

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने मंगलवार को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में पूजा-अर्चना के साथ इस योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों ने ड्रोन के जरिए उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव का प्रदर्शन भी किया।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ड्रोन तकनीक से कम समय में अधिक क्षेत्र में सटीक छिड़काव संभव होगा। इससे किसानों की लागत और श्रम दोनों में कमी आएगी, जबकि फसलों को नुकसान भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि “ड्रोन दीदी” जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी तैयार करेगी। साथ ही किसानों से रासायनिक खेती के बजाय जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की।

फिलहाल बलौदाबाजार, कसडोल, बया, गिर्रा (पलारी) और दामाखेड़ा (सिमगा) की सहकारी समितियों में 11 ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं। सहकारिता विभाग ने इस वर्ष ड्रोन के माध्यम से 50 हजार एकड़ कृषि भूमि में छिड़काव का लक्ष्य रखा है।

किसान अपनी समिति में आवेदन कर निर्धारित तिथि पर ड्रोन सेवा का लाभ ले सकेंगे। उन्हें केवल खाद या कीटनाशक उपलब्ध कराना होगा और प्रति एकड़ निर्धारित शुल्क देना होगा।

कार्यक्रम में बताया गया कि जिले की सभी सहकारी समितियां अब पूरी तरह कंप्यूटरीकृत हो चुकी हैं और सीएससी व मिनी बैंक के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं।

इस दौरान खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 समिति प्रबंधकों और 10 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही 9 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के चेक और दो किसानों को लर्निंग लाइसेंस भी वितरित किए गए।

Related Articles

Back to top button