ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में विकास को रफ्तार, बड़े बोदल में सड़क निर्माण शुरू

PMGSY-IV के तहत 1.80 किमी सड़क पर खर्च होंगे 1.92 करोड़ रुपए, आसपास के गांवों को मिलेगी बारहमासी आवागमन की सुविधा

रायपुर। नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हो रहे बस्तर में अब बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़े बोदल में सड़क निर्माण का काम शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के तहत स्वीकृत इस सड़क के बनने से दूरस्थ बसाहटों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। मौसम अनुकूल होने के बाद शनिवार से निर्माण स्थल पर मशीनें लगाकर काम शुरू कर दिया गया है।

1.92 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी सड़क

बड़े बोदल के एल-139 मार्ग का निर्माण सुरनदवाड़ा रोड से बड़े बोदल तक किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 1.80 किलोमीटर है। इसके लिए करीब 192.06 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। जगदलपुर विकासखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत कुल 9 सड़कों को मंजूरी मिली है। इनकी कुल लंबाई 33.39 किलोमीटर है।

स्कूली बच्चों और मरीजों को मिलेगी राहत

सड़क बनने से बड़े बोदल सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। खासकर स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बारिश के दौरान खराब रास्तों और आवागमन की दिक्कतों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रशासन का लक्ष्य दूरस्थ और सड़क संपर्क से वंचित गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी देकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हो रहे बस्तर में सड़क के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में है। शासन की कोशिश है कि अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और बस्तर शांति, विश्वास और विकास के नए दौर में आगे बढ़े।

Related Articles

Back to top button