शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन 83.25% अभ्यर्थी शामिल, गणित में सबसे ज्यादा उपस्थिति

1812 संविदा पदों के लिए 34,514 अभ्यर्थियों को जारी हुए प्रवेश पत्र, 10 विषयों की हुई परीक्षा; 4 नवंबर तक चलेगी सीबीटी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला।
शनिवार को हुई कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा 4 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग केंद्रों में आयोजित की जाएगी। पहले दिन 10 विषयों की परीक्षा हुई, जिसमें शिक्षक गणित विषय में सबसे ज्यादा 90.25 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
7,025 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
लोक शिक्षण संचालनालय के मुताबिक, पहले दिन परीक्षा के लिए 8,202 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 7,025 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,177 अनुपस्थित रहे। विषयवार आंकड़ों में व्याख्याता संस्कृत में 81.77%, सामाजिक विज्ञान में 84.87%, भौतिकी में 84.83%, जीव विज्ञान में 83.27%, इतिहास में 80.56% और रसायन में 77.07% उपस्थिति रही। वहीं व्यायाम शिक्षक में 76.90%, भूगोल में 64.29% और अर्थशास्त्र में 63.64% अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे।
60% महिला अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
भर्ती परीक्षा के लिए कुल 34,604 आवेदन मिले हैं। इनमें 20,779 महिला और 13,825 पुरुष अभ्यर्थी हैं। कुल आवेदकों में 332 दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल हैं। विभाग ने 34,514 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए हैं। यानी 99.74 प्रतिशत आवेदकों को एडमिट कार्ड मिले हैं।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा को बताया पारदर्शी
प्रदेश में पहली बार स्कूल शिक्षा विभाग ने इस भर्ती परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर आधारित प्रणाली से किया है। अभ्यर्थियों ने ओएमआर और पेन-पेपर परीक्षा की तुलना में इसे तेज और पारदर्शी बताया। कंप्यूटर से उत्तरों का स्वचालित मूल्यांकन होने के कारण परिणाम तैयार करने में कम समय लगने और गलतियों की आशंका घटने की उम्मीद है। डिजिटल रिकॉर्ड, उत्तर कुंजी और ऑडिट ट्रेल से परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी भी की जा सकेगी।





