दीपक बैज का साय सरकार पर हमला: बोले- ढाई साल में ही क्रूर और अत्याचारी बन गई साय सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने और विपक्षी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
गुरुवार को रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि ढाई साल के शासनकाल में ही साय सरकार क्रूर और अत्याचारी बन चुकी है। प्रदेश में विकास कार्य और जनकल्याणकारी योजनाएं ठप पड़ी हैं, जबकि कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है।
दीपक बैज ने कहा कि नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव में भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस के चुनाव संचालक और जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट का झूठा मामला दर्ज किया गया।
बैज ने बताया कि इसके विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया गया। बाद में आमरण अनशन शुरू किया गया। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 घंटे बाद सरकार और प्रशासन को झुकना पड़ा और कांग्रेस की मांगें माननी पड़ीं। इस आंदोलन में पूर्व सीएम भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को चुनाव हारने का डर सताने लगा है, इसलिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जहां भी लोकतंत्र का दमन होगा, कांग्रेस उसका डटकर मुकाबला करेगी।
दीपक बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रायपुर, बिलासपुर, जशपुर, कवर्धा समेत कई जिलों में गोलीबारी, हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
राजधानी रायपुर में गैंगवार और बमबाजी जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार अपराध रोकने के बजाय विपक्ष को दबाने में लगी हुई है। पत्रकार वार्ता में राजेंद्र तिवारी, विकास उपाध्याय, सीमा वर्मा, धनंजय सिंह ठाकुर और सुरेंद्र वर्मा समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।





