StateNewsदेश - विदेश

फालता में काउंटिंग जारी, BJP के देबांग्शु 15 हजार वोटों से आगे

दिल्ली। पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर रविवार को मतगणना जारी है। सुबह 10 बजे तक दो राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है, जिसमें भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु करीब 15 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।

वहीं चुनाव से पीछे हटने का ऐलान करने वाले तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान फिलहाल चौथे स्थान पर हैं। शुरुआती रुझानों के मुताबिक उन्हें अब तक 481 वोट मिले हैं।

फालता सीट पर कुल 21 राउंड में मतगणना होनी है। यहां 21 मई को 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया था। चुनाव आयोग के अनुसार रीपोलिंग में 88.13% मतदान दर्ज हुआ, जबकि 29 अप्रैल को हुए पहले मतदान में 86.71% वोट पड़े थे।

दरअसल, 29 अप्रैल को मतदान के दौरान कई बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी और भाजपा के चुनाव चिन्ह पर टेप चिपकाने के आरोप लगे थे। भाजपा ने इसे लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की थी।

जांच के दौरान कई बूथों पर कथित छेड़छाड़ के सबूत मिलने के बाद दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया गया। इसके अलावा वेब कैमरों की फुटेज से छेड़छाड़ के आरोप भी सामने आए थे।

फालता सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच माना जा रहा था। हालांकि रीपोलिंग से पहले टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी थी। बावजूद इसके, उनका नाम और चुनाव चिन्ह ईवीएम में बना रहा, क्योंकि नाम वापसी की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी।

फालता सीट दक्षिण 24 परगना जिले में आती है। यह सीट पहले वाम दलों का गढ़ मानी जाती थी, लेकिन 2011 से लगातार तृणमूल कांग्रेस यहां जीत दर्ज करती रही है। भाजपा अब तक इस सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकी है।

राज्य में इस बार भाजपा को बड़ी बढ़त मिली है। 293 सीटों के नतीजों में भाजपा 207 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई है।

Related Articles

Back to top button