बारामूला में आतंकी ठिकाने का खुलासा, भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक ठिकाने का पर्दाफाश किया है। रविवार को निलसर कांडी इलाके में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक और गोला-बारूद मिला। बरामद सामग्री के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस, राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने की। सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को 14 राउंड OG-7V रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) अमुनिशन और 9 राउंड PG-7P रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड अमुनिशन बरामद हुआ। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश में किया जा सकता था।
ऑपरेशन के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त जवान तैनात कर दिए गए हैं। आसपास के जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह हथियार किस आतंकी संगठन के लिए जमा किए गए थे और इनके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।
हाल के दिनों में कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षाबल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों के नेटवर्क को खत्म करने और सीमा पार से हो रही घुसपैठ पर नजर रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।





