ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कोरी डैम घूमने गए बैंककर्मी और दोस्त से लूट: जंगल में छिपकर बदमाशों ने रोका, मारपीट कर मोबाइल-पर्स ले गए

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में पर्यटन स्थल कोरी डैम घूमने गए बैंककर्मी युवती और उसके दोस्त के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है।

आरोप है कि स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने रास्ता रोककर युवक के साथ मारपीट की और उसका बैग व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, शहर की रहने वाली 23 वर्षीय बैंककर्मी 23 सितंबर को अपने साथियों के साथ बैंक के काम से कोटा आई थी। काम पूरा होने के बाद सभी कोरी डैम घूमने चले गए। इसी दौरान जंगल के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने युवती के दोस्त के साथ मारपीट की और उसका बैग व मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना की शिकायत बैंककर्मी ने कोटा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और कोटा पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाका चौक के पास तीन युवक स्कूटी से घूम रहे हैं और लूटे गए मोबाइल को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में लूट की बात कबूली

पुलिस ने कोटा के कुंवारीमुड़ा निवासी गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29) और रतनपुर क्षेत्र के घासीपुर निवासी रामजी यादव (38) को गिरफ्तार किया। उनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त कर ली है। दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button