ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुंगेली में 9वीं की छात्रा से गैंगरेप का आरोप: नशीला इंजेक्शन लगाने की बात, दो युवकों पर FIR

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में 14 साल की नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि दो युवकों ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट की और नशीला इंजेक्शन लगाने के बाद उसके साथ जबरदस्ती की।

घटना जरहागांव थाना क्षेत्र की बताई गई है। पुलिस ने साहिल यादव और प्रहलाद धुरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम छात्रा अपनी सहेली के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। छात्रा का आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज और बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद उसे धमकाया और 500 रुपए देकर घटना के बारे में किसी को नहीं बताने को कहा।

डर के कारण छात्रा घर जाने के बजाय बस से रतनपुर चली गई। वहां एक अज्ञात महिला ने उसे सहारा दिया। अगले दिन घर लौटते समय वह सकरी से बस बदलकर बरेला पहुंची।

दोबारा पकड़कर मकान में ले गए

छात्रा के मुताबिक, 30 सितंबर की शाम करीब 5 बजे दोनों आरोपी उसे फिर मिले। आरोप है कि दोनों ने उसे जबरन पकड़ लिया और एक मकान में ले गए। वहां साहिल ने उसका हाथ पकड़ा, जबकि प्रहलाद ने उसके हाथ में इंजेक्शन लगाया। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गई।

छात्रा ने पुलिस को बताया कि होश आने पर उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। उसे कमर और प्राइवेट पार्ट में दर्द महसूस हो रहा था। मारपीट के कारण हाथ में भी दर्द था। छात्रा ने आशंका जताई कि बेहोशी की हालत में दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

परिजनों को बताई घटना, केस दर्ज

घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। 1 अक्टूबर को परिवार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 70(2), 65(1), 137(2), 351(3), 115(2), 296 और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button