एशियन गेम्स: 44 साल बाद महिला हॉकी टीम को गोल्ड, अंक तालिक में गोल्ड मेडल की संख्या पहुंची 18

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के अंतिम दिन भारत ने गोल्फ और तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। प्रणवी शरथ उर्स ने महिला व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले में गोल्ड जीतकर इतिहास रच दिया।
वह एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत गोल्फ का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय गोल्फर बन गईं। वहीं 17 वर्षीय कुमकुम मोहोड ने महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के रोमांचक फाइनल में दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अब भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 18 पहुंच गई है।
प्रणवी ने एक शॉट की बढ़त से जीता गोल्ड
प्रणवी ने चार राउंड में कुल 15 अंडर 265 का स्कोर किया। अंतिम राउंड में उनका स्कोर 70 रहा। तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के बावजूद उन्होंने दबाव में शानदार वापसी की और बाद में बर्डी लगाकर बढ़त बनाए रखी। उनका स्वर्ण एशियन गेम्स के महिला व्यक्तिगत गोल्फ में भारत का पहला गोल्ड है।
इससे पहले 2002 बुसान एशियन गेम्स में शिव कपूर ने पुरुष व्यक्तिगत गोल्फ में भारत के लिए स्वर्ण जीता था। प्रणवी के साथ अदिति अशोक और दीक्षा डागर ने महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने 14 अंडर 546 का स्कोर बनाया।
कुमकुम का शूट-ऑफ में निर्णायक निशाना
महिला रिकर्व व्यक्तिगत फाइनल में कुमकुम और ओह ये जिन के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। पांच सेट के बाद दोनों का स्कोर 5-5 था। शूट-ऑफ में कुमकुम ने 10 अंक का निशाना लगाया, जबकि दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी 8 अंक ही हासिल कर सकीं। इस तरह कुमकुम ने स्वर्ण पदक जीत लिया।
इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने विश्व चैंपियन कांग चेयंग को 6-4 से हराया था। सेमीफाइनल में चीन की झू जिंगयाई को 6-2 से मात देकर फाइनल में पहुंचीं।
एक एशियाड में कुमकुम के तीन पदक
कुमकुम का इस एशियन गेम्स में यह तीसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में अंकिता भक्त और कीर्ति शर्मा के साथ स्वर्ण पदक जीता था। मिश्रित रिकर्व टीम में धीरज बोम्मदेवरा के साथ उन्हें रजत मिला। व्यक्तिगत स्पर्धा का गोल्ड उनके पदकों में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ता है।
कुमकुम की जीत के साथ भारत को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए एक कोटा स्थान भी मिला है। यह कोटा खिलाड़ी के बजाय देश के नाम रहता है।





