देश में मौसम के अलग-अलग रंग: बिहार में बाढ़, यूपी में उफनती नदियां, राजस्थान में 40°C पार गर्मी

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल रहा है। बिहार में गंडक नदी के उफान से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में बारिश थमने के बावजूद नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। दूसरी ओर राजस्थान में अक्टूबर की शुरुआत के बाद भी दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
बिहार में गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी और तटबंध टूटने से सारण समेत 6 जिलों के करीब 255 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित बताई जा रही है। वहीं, लगभग 44 हजार लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच चुके हैं। राज्य की कई प्रमुख नदियों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।
यूपी में 15 नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में शनिवार सुबह ज्यादातर जिलों में धूप निकली। मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि बारिश थमने के बाद भी नदियों का जलस्तर कम नहीं हुआ है। गंगा और शारदा समेत 15 नदियां खतरे के निशान के करीब या ऊपर बह रही हैं। उन्नाव में सई नदी का पानी 12 से ज्यादा गांवों में पहुंच गया है। गोंडा में घाघरा नदी खतरे के निशान से 26 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, जिससे करीब 30 गांव प्रभावित हुए हैं।
राजस्थान में 40°C के पार पहुंचा तापमान
राजस्थान में अक्टूबर की शुरुआत के बावजूद दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। पश्चिमी जिलों में तापमान 40°C के पार पहुंच गया है। शुक्रवार को पिलानी में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। सीकर, भीलवाड़ा, उदयपुर और नागौर में न्यूनतम तापमान 20°C से नीचे दर्ज हुआ।
पहाड़ी राज्यों में मानसून की विदाई
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल से अगले 48 घंटे में मानसून लौटने के आसार हैं। उत्तराखंड से भी मानसून की वापसी की संभावना है। 3 और 4 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश के 30 जिलों में सामान्य बारिश का कोटा पूरा नहीं हुआ है। वहीं हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश की संभावना कम है।





