जादू-टोने के शक में बुजुर्ग को बोलेरो से कुचला, हादसा दिखाने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोने के शक में 68 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक यादव (21) ने अपने पिता कुरसों यादव (44) और चाचा परमेश्वर राम (39) के साथ मिलकर जोयो राम की हत्या की योजना बनाई। इसके बाद 29 सितंबर को खेत जा रहे जोयो राम को बोलेरो से कुचल दिया गया। वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी।
मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को जोयो राम की मौत की सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम किया गया था। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। जांच में सिर, माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में सिर की गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत की वजह बताया गया।
जांच में सामने आई हत्या की कहानी
पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि जोयो राम की मौत सामान्य सड़क हादसा नहीं थी, बल्कि उन्हें जानबूझकर बोलेरो से टक्कर मारी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की।
पत्नी पर जादू-टोने का आरोप लगाते थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, दीपक यादव, उसके पिता और चाचा मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने और टोनही होने का आरोप लगाते थे। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले दो-तीन साल से विवाद और रंजिश चल रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि गांव के एक बैगा ने भी मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था। आरोपी परिवार अपने सदस्यों की बीमारी के लिए भी उसे जिम्मेदार मानता था। पुलिस के अनुसार, इसी अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई। पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



