पाटीदार के कैच पर विवाद, अंपायर से नाराज दिखे कोहली

गुजरात ने RCB को 4 विकेट से हराया, भुवनेश्वर ने टी-20 में पूरे किए 350 विकेट
दिल्ली। गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हरा दिया। अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने 156 रन का लक्ष्य 25 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। यह IPL इतिहास में गुजरात का दूसरा सबसे तेज रनचेज बन गया।
मैच के दौरान कई रिकॉर्ड और हाई-वोल्टेज मोमेंट्स देखने को मिले। सबसे पहले भुवनेश्वर कुमार ने टी-20 क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे किए। वे ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ युजवेंद्र चहल के नाम थी।
RCB की पारी के दौरान बड़ा विवाद रजत पाटीदार के कैच को लेकर हुआ। 8वें ओवर में अरशद खान की गेंद पर पाटीदार ने पुल शॉट खेला, जिसे जेसन होल्डर ने डाइव लगाकर पकड़ा। थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद आउट दिया, लेकिन डगआउट में बैठे विराट कोहली इस फैसले से नाराज नजर आए। उन्हें लगा कि कैच पूरी तरह क्लीन नहीं था।
इससे पहले कोहली ने कगिसो रबाडा के एक ओवर में लगातार 5 चौके जड़कर मैच में धमाकेदार शुरुआत की। उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों पर 28 रन बनाए। वहीं गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने जोश हेजलवुड के ओवर में 24 रन ठोक दिए। गिल ने 18 गेंदों में 43 रन की विस्फोटक पारी खेली।
मैच में एक और अहम मोमेंट तब आया जब वेंकटेश अय्यर को अरशद खान की तेज गेंद कोहनी पर लगी। दर्द के बावजूद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी। दूसरी ओर विकेटकीपर जितेश शर्मा ने जोस बटलर का आसान कैच छोड़ दिया, जिसका गुजरात को फायदा मिला।
आखिर में राशिद खान ने चौका लगाकर गुजरात को जीत दिलाई। जीत के बाद विराट कोहली मुस्कुराते हुए राशिद को गले लगाते नजर आए।



