मनोरंजनStateNewsदेश - विदेश

राहुल रॉय के सपोर्ट में उतरा AICWA, पीएम मोदी को लिखा पत्र

60 साल से ज्यादा उम्र के कलाकारों के लिए पेंशन और मेडिकल इंश्योरेंस की मांग

मुंबई। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) अभिनेता राहुल रॉय के समर्थन में सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर ट्रोलिंग के बीच एसोसिएशन ने राहुल रॉय का बचाव करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 60 साल से ज्यादा उम्र के कलाकारों के लिए पेंशन और मेडिकल इंश्योरेंस की मांग उठाई है।

AICWA ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि हर दौर के अपने सुपरस्टार रहे हैं और राहुल रॉय ने 1990 में रिलीज हुई आशिकी से युवाओं के दिलों में खास पहचान बनाई थी। एसोसिएशन ने कहा कि हाल ही में राहुल रॉय का “तेरे दर पर सनम” गाने पर बनाया गया वीडियो वायरल हुआ, लेकिन कुछ लोगों ने उनका मजाक उड़ाया, जो बेहद असंवेदनशील और गलत है।

AICWA ने कहा कि राहुल रॉय ने कभी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए अभद्र कंटेंट या विवादों का सहारा नहीं लिया। उन्होंने हमेशा गरिमा और ईमानदारी के साथ काम किया है। एसोसिएशन ने बॉलीवुड से अपील की कि राहुल रॉय को अच्छे प्रोजेक्ट्स और काम के अवसर दिए जाएं।

दरअसल, राहुल रॉय ने हाल ही में एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर बताया था कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद वे आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने लिखा था कि वे मेहनत करके काम करना चाहते हैं और एक्टिव रहना उनके लिए जरूरी है।

राहुल की पोस्ट पर बॉलीवुड के कई कलाकारों ने भी उनका समर्थन किया। फराह खान, सोनू सूद, अनुपम खेर और शिल्पा शिरोडकर समेत कई सितारों ने उन्हें हौसला दिया।

AICWA ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में कई वरिष्ठ कलाकार उम्र बढ़ने के साथ आर्थिक तंगी और स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते हैं। ऐसे में सरकार को उनके लिए पेंशन और मेडिकल सुरक्षा जैसी योजनाएं शुरू करनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button