ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भगवान शिव पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से रायपुर में विवाद: BJP और बजरंग दल का प्रदर्शन, अरुण पन्नालाल को 14 दिन की न्यायिक रिमांड

रायपुर। रायपुर में भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और कमेंट के बाद विवाद बढ़ गया। शुक्रवार को भाजपा और छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल के घर का घेराव कर नारेबाजी की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में जवान तैनात किए।

पुलिस ने अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उन्हें 21 अगस्त तक जेल में रहना होगा।

सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

रायपुर पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को सोशल मीडिया पर हंसराज गोयल नाम के व्यक्ति की ओर से भगवान शिव को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी। इसके बाद अरुण पन्नालाल की ओर से भी कथित तौर पर आपत्तिजनक कमेंट किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया।

भाजपा पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और कमेंट करने वालों के खिलाफ शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की।

‘देवी-देवताओं पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं’

भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का पवित्र समय माना जाता है। ऐसे समय में भगवान शिव, शिवलिंग और सनातन धर्म के देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला है।

छत्तीसगढ़ बजरंग दल के जिलाध्यक्ष योगेश सैनी ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अरुण पन्नालाल पर हिंदू आस्था का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कई अन्य आरोप भी लगाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले में सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button