StateNewsउत्तर प्रदेशदेश - विदेश

झांसी में चूहे को बांधकर जिंदा जलाया, VIDEO वायरल होने पर 3 गिरफ्तार

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में क्रूरता का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चार युवकों ने एक चूहे को रस्सी से बांधकर लोहे के गेट पर लटकाया और पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

घटना 29 अक्टूबर को कोतवाली थाना क्षेत्र के ओरछा गेट स्थित कसाई मंडी की है। पुलिस के मुताबिक, युवकों ने पहले पिंजरा लगाकर चूहे को पकड़ा। इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर उल्टा लटका दिया। आरोपियों ने चूहे को डंडे से भी मारा और फिर लोहे के गेट पर बांध दिया।

इसके बाद जुनैद कुरैशी ने बोतल से चूहे पर पेट्रोल डाला और माचिस से आग लगा दी। आग लगने के कुछ देर बाद रस्सी जलकर टूट गई। चूहा जलता हुआ नीचे गिरा और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा। हालांकि, जलने से उसकी मौत हो गई। इस दौरान आशिफ कुरैशी ने मोबाइल से वीडियो बनाया।

वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। दरोगा रोहित कुमार की शिकायत पर कोतवाली थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। कोतवाल अंजन कुमार के मुताबिक, जुनैद कुरैशी, आशिफ कुरैशी और शफीक कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।

गौसेवा समिति ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है। श्री महाकाल गौ सेवा संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बेजुबान जानवर के साथ इस तरह की क्रूरता करने वालों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button