StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

सरगुजा में लुटेरी दुल्हन का कारनामा, कैश-जेवर लेकर फरार; पीड़ित परिवार ने पुलिस में की शिकायत

सरगुजा। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश निवासी रामकली बाई ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की है। शिकायत में शादी के नाम पर नकद रकम और जेवर लेने के बाद दुल्हन के अचानक घर से चले जाने का आरोप लगाया गया है।

रामकली बाई के मुताबिक, उनके बेटे तुलसीदास लोधी की शादी 23 मई 2026 को जमगला निवासी एक युवती से हुई थी। शादी कराने में जमगला निवासी दो मध्यस्थों की भूमिका बताई गई है। आरोप है कि विवाह के दौरान दूल्हे पक्ष से 1 लाख रुपए नकद और करीब 1 लाख रुपए के जेवर लिए गए थे।

परिजनों के अनुसार, शादी के बाद दुल्हन तीन दिन तक ससुराल में रही। चौथे दिन रात में उसने शौचालय जाने की बात कही और घर से बाहर निकल गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। ससुराल पक्ष का आरोप है कि कुछ लोग उसे चुपचाप अपने साथ ले गए।

वापस लाने पहुंचे तो मांगे 50 हजार

परिजनों ने बताया कि जब वे दुल्हन को वापस लाने के लिए उसके मायके पक्ष के लोगों से संपर्क करने पहुंचे, तो कथित तौर पर उनसे 50 हजार रुपए की अतिरिक्त मांग की गई। पीड़ित पक्ष ने इसे सुनियोजित ठगी बताते हुए आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

पीड़ित परिवार ने 6 अगस्त 2026 को लखनपुर थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने, दिए गए रुपए और जेवर वापस दिलाने की मांग की। उनका आरोप है कि थाने में सुनवाई नहीं होने के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक सरगुजा से शिकायत की है।

पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन के आधार पर अब मामले में जांच और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जानी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button