तेज बारिश में नाले के बहाव में बहा बाइक सवार: लोगों ने समय रहते किया रेस्क्यू, बाल-बाल बची जान; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आ गया। घटना खोढ़री और ठेंगाडांड के बीच स्थित खूंटी नाला की बताई जा रही है। बाइक सहित व्यक्ति को पानी के तेज बहाव में बहते देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई और उसका रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, बहने वाले व्यक्ति की पहचान खोढ़री निवासी पांडे पुजारी के रूप में बताई जा रही है। बारिश के कारण खूंटी नाला उफान पर था। इसी दौरान पांडे पुजारी बाइक लेकर नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे। अचानक पानी का बहाव तेज होने से वह बाइक समेत पानी में बहने लगे।
घटना को देखते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाई और किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते मदद मिलने से उनकी जान बच गई। घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के कई नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें। तेज बहाव वाले स्थानों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और सुरक्षित स्थान पर रहें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि थोड़ी सी जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए पानी कम होने का इंतजार करें।





