डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 11 अगस्त

शाम 6 बजे तक कर सकेंगे आवेदन, ITI पास अभ्यर्थियों को भी मिलेगा प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का मौका
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। संचालनालय तकनीकी शिक्षा ने प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 11 अगस्त 2026 शाम 6 बजे तक कर दी है। पहले निर्धारित समय सीमा में रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को अब एक और मौका दिया गया है।
तकनीकी शिक्षा संचालनालय के अनुसार सत्र 2026-27 में संचालित सभी चार डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए रजिस्ट्रेशन की समय सीमा बढ़ाई गई है। इनमें डिप्लोमा इंजीनियरिंग एंड आर्किटेक्चर, CDDM/ID, MOM/HMCT और डिप्लोमा इंजीनियरिंग (लेटरल एंट्री) शामिल हैं।
ITI पास अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
विभाग ने बताया कि ITI के परिणाम घोषित हो चुके हैं। ऐसे में ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर देने के लिए रजिस्ट्रेशन की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इससे ITI पास अभ्यर्थी भी निर्धारित समय के भीतर रजिस्ट्रेशन कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
हालांकि, केवल रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख में बदलाव किया गया है। प्रवेश प्रक्रिया के अन्य पाठ्यक्रमों की सभी तिथियां और कार्यक्रम पहले जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार ही रहेंगे। इनमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
वेबसाइट पर करना होगा रजिस्ट्रेशन
डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को 11 अगस्त की शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट dte.cg.gov.in और प्रवेश पोर्टल cgdte.admissions.nic.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से जारी प्रवेश नियमों के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तें पूरी करना अनिवार्य होगा। विभाग ने अभ्यर्थियों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना समय पर रजिस्ट्रेशन पूरा करने की अपील की है।





