जशपुर में इंसास रायफल छोड़कर भागा आरोपी मुंबई से गिरफ्तार: नक्सल संगठन का रह चुका है सक्रिय सदस्य, जंगल में हथियारों के साथ कर रहा था वसूली

जशपुर। जशपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने हथियारों के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पलटू दास (36) निवासी सकरा, थाना कुरूमगढ़, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सरनाटोली जंगल में घेराबंदी के दौरान इंसास रायफल और अन्य हथियार छोड़कर फरार हो गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि बूमतेल सरनाटोली जंगल में दो हथियारबंद लोग ग्रामीणों को डरा-धमकाकर पैसे मांग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी हथियार वहीं छोड़कर घने जंगल का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
मौके से मिले थे कई हथियार
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक इंसास रायफल और मैगजीन, एक कंट्री मेड रायफल और मैगजीन, एक देसी कट्टा, 6 जिंदा कारतूस, 4 लोहे के बोल्ट, हथौड़ी, तलवार और कैंची बरामद की थी। आरोपियों का बैग और कुछ दस्तावेज भी जब्त किए गए थे।
मामले में सिटी कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में दोनों आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस ने पहले हृदय साहू उर्फ गांगु निवासी लूँगा, पंचायत केमटे, थाना रायडीह, गुमला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मुंबई में छिपा था आरोपी
दूसरे आरोपी पलटू दास की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि वह मुंबई में छिपा हुआ है। DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम मुंबई पहुंची और उसे गिरफ्तार कर जशपुर लाई।
पूछताछ में आरोपी के पूर्व में नक्सल संगठन का सक्रिय सदस्य रह चुके होने की जानकारी सामने आई है। SSP ने कहा कि जिले में अवैध हथियार और नक्सली गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। फरार आरोपियों की तलाश और निगरानी लगातार जारी है।





