पुरी में होटल बुकिंग के नाम पर युवती से 90 हजार की ठगी, रिफंड के बहाने 6 बार कराया भुगतान

रायपुर। ओडिशा के जगन्नाथ पुरी में भगवान के दर्शन के लिए होटल बुक करना गोबरा नवापारा की 20 वर्षीय युवती को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी होटल वेबसाइट और वाट्सएप के जरिए उसे अपने जाल में फंसाया।
कमरे की बुकिंग के नाम पर पहले एडवांस लिया, फिर तकनीकी खराबी और रिफंड का झांसा देकर छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 90,249 रुपए ठग लिए। न तो होटल का कमरा बुक हुआ और न ही युवती को उसकी रकम वापस मिली।
गोबरा नवापारा के सदर रोड निवासी तोषिबा सिन्हा ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान ठहरने के लिए 7 अक्टूबर को गूगल पर होटल तलाशा।
इस दौरान उन्हें ‘एसकेएस बीच होटल स्पा’ नाम से एक वेबसाइट मिली। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर वाट्सएप के जरिए संपर्क करने पर दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपए बताया गया। ठग ने 50 प्रतिशत एडवांस के रूप में 7 हजार रुपए क्यूआर कोड के जरिए भेजने को कहा।
युवती ने रकम ट्रांसफर कर बुकिंग की रसीद मांगी, लेकिन सामने वाले ने सिस्टम में तकनीकी खराबी आने की बात कही। इसके बाद भुगतान वापस करने और दोबारा बुकिंग कराने का झांसा दिया गया। रकम रिफंड होने की उम्मीद में युवती आरोपी के बताए निर्देशों का पालन करती रही।
ठग ने कभी एरर तो कभी सर्वर फेल होने का बहाना बनाकर उससे 7,049 रुपए, दो बार 14,049 रुपए, फिर 28,099 रुपए और आखिर में 19,999 रुपए ट्रांसफर कराए। इस तरह खाते से कुल 90,249 रुपए निकल गए।
जब होटल की बुकिंग नहीं हुई और आरोपी का मोबाइल नंबर बंद आने लगा, तब युवती को ठगी का पता चला। उसने गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



