ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रवि किशन बोले- राहुल गांधी मानसिक संतुलन खो चुके हैं, कांग्रेस पर देश को पीछे ले जाने का आरोप

रायपुर। भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन मंगलवार सुबह रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन और राहुल गांधी पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में हरा नहीं पाने के कारण कांग्रेस अब लोगों को परेशान करने पर उतर आई है। उन्होंने राहुल गांधी पर मारपीट पर उतारू होने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।

कांग्रेस पर देश को पीछे ले जाने का आरोप

रवि किशन ने कहा कि कांग्रेस ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब भारत को फिर से पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस से विकास के मुद्दों पर राजनीति करने की अपील की।

संसद नहीं चलने देने पर विपक्ष को घेरा

भाजपा सांसद ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन के कारण आम लोगों को नौकरी और जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी होती है। रवि किशन ने कहा कि सड़क जाम करना आंदोलन का उचित तरीका नहीं है। विपक्ष को ऐसा रास्ता अपनाना चाहिए, जिससे आम जनता को परेशानी न हो।

EVM और वोट चोरी के आरोपों पर उठाए सवाल

रवि किशन ने चुनाव में ईवीएम और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब ईवीएम और वोट चोरी पर सवाल क्यों नहीं उठाती? उन्होंने कांग्रेस से देश के विकास को लेकर अपना रोडमैप स्पष्ट करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की कल्पना करती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए।

बिलासपुर के गरबा महोत्सव में होंगे शामिल

रवि किशन छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचे हैं। उन्हें बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होना है। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के बाद वे बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।

Related Articles

Back to top button