StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुआ मानसून: 200 ग्रामीण 24 घंटे टापू में फंसे, SDRF ने 10 घंटे चलाया रेस्क्यू; डैम लबालब

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। सोमवार यानी 10 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में अब तक 650.9 मिमी यानी 25.6 इंच बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से करीब 5% कम है।

रविवार को मुंगेली जिले के लोरमी ब्लॉक में हुई भारी बारिश से पसरहा पारा टापू में बदल गया। यहां करीब 200 ग्रामीण 24 घंटे तक फंसे रहे। SDRF की टीम ने नावों की मदद से करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी ग्रामीणों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर पहुंचाया।

खुड़िया बांध से 6 फीट पानी बहा

मुंगेली का राजीव गांधी जलाशय यानी खुड़िया बांध लगातार बारिश के बाद लबालब भर गया है। इसके वेस्ट वेयर से करीब 6 फीट पानी बह रहा है। इससे मनियारी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। बताया गया कि 2020 के बाद पहली बार इतनी मात्रा में पानी छोड़ा गया है।

NH-45 पर वाहन फंसे, लगा जाम

लगातार बारिश का असर सड़कों पर भी दिखाई दिया। बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा रोड-गौरेला को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-45 पर कीचड़ और गड्ढों के कारण भारी वाहन फंस गए। इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी बारिश के बीच गौरेला शहर के वार्ड नंबर 8 में शनिवार शाम एक जर्जर मकान ढह गया। दीवारों में पहले ही दरारें आ गई थीं, इसलिए समय रहते घर खाली करा लिया गया था और बड़ा हादसा टल गया।

कोडार डैम 100% भरा

महासमुंद जिले का कोडार डैम भी पूरी तरह भर गया है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक 9 अगस्त को जलस्तर 295.62 मीटर पहुंच गया, जो FRL से 0.27 मीटर अधिक है। इसके बाद डैम से पानी छोड़ा जा रहा है।

अगले दो दिन बारिश के आसार

रायपुर में आज बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 25°C के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।

Related Articles

Back to top button