StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

एक्टर गोविंदा के डायरेक्टर रेप केस के आरोप में गिरफ्तार

मुंबई। फिल्म ‘जोरू का गुलाम’ के डायरेक्टर शकील नूरानी को मुंबई पुलिस ने यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया है। 73 वर्षीय नूरानी के खिलाफ 33 साल की एक एक्ट्रेस ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि 2016 में मुलाकात के बाद उन्होंने एक्ट्रेस को काम दिलाने का झांसा देकर अपने घर बुलाया और उसके साथ यौन शोषण किया। मामले में ब्लैकमेलिंग समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, एक्ट्रेस की नूरानी से पहली मुलाकात 2016 में लोखंडवाला में आयोजित एक अवॉर्ड फंक्शन में हुई थी। वहां नूरानी ने अपने आगामी प्रोजेक्ट के बारे में बात की और काम के लिए संपर्क करने को कहा। बाद में एक्ट्रेस स्क्रिप्ट पढ़ने के लिए मालवानी स्थित उनके घर पहुंचीं।

एक्ट्रेस का आरोप है कि वहां नूरानी ने उन्हें सॉफ्ट ड्रिंक दी, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गईं। होश आने पर उन्होंने कथित तौर पर अपने मोबाइल में एक वीडियो दिखाया और पुलिस या परिवार को जानकारी देने पर उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी।

वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप

FIR के मुताबिक, एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि इसी वीडियो के जरिए उन्हें धमकाकर कई बार यौन उत्पीड़न किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कथित संबंधों के बाद नूरानी उन्हें गर्भनिरोधक गोलियां देते थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

40 दिन तक छिपे रहे, फार्महाउस से पकड़े गए

पुलिस के मुताबिक FIR दर्ज होने के बाद नूरानी करीब 40 दिन तक फरार रहे। उनकी तलाश में अंधेरी के लोखंडवाला स्थित बेटे के घर की तलाशी भी ली गई। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को उनके सातारा जिले के मेधा स्थित फार्महाउस में होने की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें हिरासत में लिया गया।

नूरानी को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। उनके वकील विकास सिंह ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके क्लाइंट को झूठा फंसाया गया है।

‘विष्णु देवा’ से ‘जोरू का गुलाम’ तक

शकील नूरानी ने 1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में कई फिल्में बनाईं। इनमें ‘विष्णु देवा’ (1991), ‘श्रीमान आशिक’ (1993), ‘बड़े दिलवाला’ (1999) और ‘जोरू का गुलाम’ (2000) शामिल हैं। संजय दत्त के साथ फिल्म को लेकर विवाद के कारण भी नूरानी पहले सुर्खियों में रह चुके हैं।

Related Articles

Back to top button