ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम साय ने कुम्हार के चाक पर गढ़ा दीया, पारंपरिक शिल्पकारों से की चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का एक आत्मीय और सहज रूप उस समय देखने को मिला, जब उन्होंने कुम्हार के चाक पर स्वयं मिट्टी का दीया और कलश गढ़कर पारंपरिक शिल्प के प्रति सम्मान और जुड़ाव का सशक्त संदेश दिया। यह दृश्य सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक के दौरान कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आयोजित प्रदर्शनी में देखने को मिला।

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक के साथ परिसर में स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। इसी प्रदर्शनी में सोनहत विकासखंड निवासी शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति इलेक्ट्रिक चाक पर मिट्टी से दीया और कलश बनाने का सजीव प्रदर्शन कर रहे थे।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साय उनके स्टॉल पर पहुंचे और कुछ देर तक उनकी कला को बारीकी से देखा। कला के प्रति जिज्ञासा बढ़ने पर उन्होंने स्वयं चाक पर हाथ आजमाने की इच्छा जताई। शिल्पकार की सहमति से मुख्यमंत्री ने घूमते हुए चाक पर रखी गीली मिट्टी को अपने हाथों से साधते हुए देखते ही देखते एक सुंदर दीये का आकार दे दिया।

मुख्यमंत्री की यह सहज कुशलता देखकर शिल्पकार और वहां मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच यह पल सभी के लिए यादगार बन गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति से उनके कार्य, आय और परिवार के बारे में जानकारी ली।

उन्हें शासन की स्वरोजगार और कारीगर हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक शिल्प, कारीगरों और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि स्थानीय कला और हुनर को नई पहचान और बाजार मिल सके।

इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रविकुमार कुर्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button