ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CM साय बोले- शिक्षक पीढ़ियों के निर्माता, बेमेतरा में 81 शिक्षकों का सम्मान

बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। शिक्षक बच्चों को किताबी ज्ञान देने के साथ उनके व्यक्तित्व और संस्कारों को गढ़ते हैं। शिक्षक द्वारा दी गई शिक्षा का असर विद्यार्थी से आगे उसके परिवार और समाज तक पहुंचता है। इसलिए शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं।

मुख्यमंत्री बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बोर्ड और महाविद्यालयीन परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र दिए गए।

हर बच्चे को समान अवसर देने पर जोर

सीएम साय ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि संसाधनों की कमी के कारण कोई बच्चा पीछे न रहे। गांव और शहर के हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अपनी प्रतिभा निखारने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आईआईटी, आईआईएम, एम्स और ट्रिपल आईटी जैसी संस्थाओं से प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के नए अवसर मिले हैं।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और दूसरी योजनाओं के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों की मदद की जा रही है।

बेमेतरा को 2 करोड़ का गौरव पथ

मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही ग्राम पंचायत तिवरिया में नए विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण की घोषणा की।

जल संरक्षण में बेहतर काम पर सम्मान

‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान में जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधार के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को सम्मानित किया गया। समारोह में ‘शिक्षक स्मृति’ पत्रिका का विमोचन भी हुआ।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button