सीएम साय ने गोवर्धन पूजा और गौरा-गौरी पर्व पर दी बधाई, किसानों की खुशहाली की कामना की

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवर्धन पूजा और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौरा-गौरी से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से किसानों की उन्नति और प्रदेश के खेत-खलिहानों में धन-धान्य की समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति में प्रकृति और गौवंश के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें पर्यावरण, प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण की प्रेरणा देती है। यह पर्व समाज को सामूहिक सहयोग, एकजुटता और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश भी देता है।
लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का पर्व गौरा-गौरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकआस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व ग्रामीण जीवन और माटी से जुड़ी परंपराओं को दर्शाता है। ऐसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण और गौरा-गौरी के आशीर्वाद से प्रदेश के सभी किसानों के जीवन में समृद्धि आए। छत्तीसगढ़ के खेत-खलिहान धन-धान्य से भरे रहें और हर परिवार में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और प्रकृति संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया।





