ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

PM मोदी की शुभकामनाओं पर CM साय ने जताया आभार, बोले- विकसित भारत में छत्तीसगढ़ निभाएगा अहम भूमिका

सीएम ने कहा- अटलजी के समृद्ध छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध; नक्सलवाद के खिलाफ सफलता से बस्तर में शांति और विकास का नया दौर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मिले शुभकामना संदेश पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आभार जताया है। उन्होंने प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को समृद्ध, सशक्त और विकसित बनाने की दिशा में नई ऊर्जा देता है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और मेहनतकश लोगों के प्रति जुड़ाव जताया है। अविभाजित मध्यप्रदेश के दौर से लेकर सरगुजा और बस्तर की यात्राओं को याद करना प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। पिछले साल रजत जयंती पर प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ आना और नए विधानसभा भवन का लोकार्पण भी विकास यात्रा की यादगार उपलब्धि है।

बस्तर में बदल रही तस्वीर

साय ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली ऐतिहासिक सफलता से बस्तर की पहचान बदल रही है। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से अब वहां शांति, विश्वास और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। नियद नेल्लानार योजना के जरिए दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, पानी, संचार और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा अभियान से जनजातीय क्षेत्रों को मजबूती मिल रही है।

किसानों और महिलाओं को आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। करीब 73 लाख परिवारों को मुफ्त राशन और 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के आवास मिले हैं। महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन से 41 लाख से अधिक ग्रामीण घरों तक नल से पानी पहुंचा है।

निवेश और रोजगार के नए अवसर

साय ने कहा कि 51 हजार करोड़ रुपए से अधिक की रेल परियोजनाओं, आधुनिक रेल सेवाओं और चार हवाई अड्डों के नेटवर्क से प्रदेश में आवागमन और निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं। नवा रायपुर को तकनीक और डिजिटल नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button