ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नवा रायपुर के आसमान में सारंग के 5 हेलिकॉप्टरों का करतब, तिरंगे की फॉर्मेशन ने मोहा मन

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य और साहस का गवाह बना। सेंध लेक में वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पांच हेलिकॉप्टरों से हैरतअंगेज करतब दिखाए। हेलिकॉप्टरों की रोमांचक फॉर्मेशन, एक-दूसरे को क्रॉस करने वाले करतब और आसमान में तिरंगे की आकृति देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस प्रदर्शन को देखने पहुंचे।

कार्यक्रम की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के जवानों ने पैराशूट से छलांग लगाकर की। जवानों ने हवा में पैराशूट नियंत्रित करते हुए निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलिकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया।

पांच हेलिकॉप्टरों ने दिखाई गजब की फॉर्मेशन

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम का प्रदर्शन रहा। टीम के पांच हेलिकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरते हुए अलग-अलग फॉर्मेशन बनाई। कभी हेलिकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरे तो कभी अलग-अलग दिशाओं में जाकर दोबारा एक साथ फॉर्मेशन बनाई। क्रॉसओवर करतब के दौरान दर्शकों की सांसें थम गईं।

कॉकपिट से गूंजा छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया

प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया। इससे दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया। अंत में ‘वंदे मातरम्’ की धुन पर हेलिकॉप्टरों ने तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन बनाई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आपसी विश्वास, टीम भावना और उत्कृष्टता का उदाहरण है। यह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। सारंग टीम 2 नवंबर को सेंध लेक में मुख्य हवाई प्रदर्शन करेगी। इसमें प्रदेशवासी भारतीय वायु सेना के इन रोमांचकारी करतबों को देख सकेंगे।

Related Articles

Back to top button