आम की छांव में मुख्यमंत्री की चौपाल: खाट पर बैठ सुनी ग्रामीणों की बात, नर्सिंग कॉलेज और मिनी स्टेडियम की घोषणा

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा पहुंचे, जहां उन्होंने आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांव की चौपाल में बिजली, पानी, सड़क, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों और मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले में नर्सिंग कॉलेज, ग्राम निमधा में मिनी स्टेडियम और सर्वसमाज के लिए मंगल भवन की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही तीनों मांगों को मंजूरी देते हुए उनकी घोषणा कर दी। बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर भी उन्होंने अधिकारियों को स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग से संबंधित शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों से भी संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अब लक्ष्य केवल लखपति नहीं, बल्कि “करोड़पति दीदी” बनना होना चाहिए। महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार और बच्चों की पढ़ाई में मददगार साबित हो रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी देखी और ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष और सफलता की प्रेरक कहानियों का दस्तावेज है।
ग्रामीण परिवेश में आयोजित चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने सरई के दोना-पत्तल में परोसे गए जामुन, कोईलार भाजी, बेल का शरबत, आमपना और आम की चटनी का स्वाद भी लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।





