StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री: प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा, जनचौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत शनिवार को सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड स्थित ठठारी गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने भगवान विष्णु से छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा। ठठारी स्थित यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत का प्रमुख केंद्र माना जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार मंदिर में स्थापित भगवान विष्णु की प्रतिमा चौथी शताब्दी की है, जो इसकी ऐतिहासिक महत्ता को और भी विशेष बनाती है।

सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से वे गांवों में पहुंचकर आम लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं और शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का फीडबैक ले रहे हैं। साथ ही विकास कार्यों और जनसमस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं।

ठठारी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जनचौपाल में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button