ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जीपीएम में लखपति दीदी अभियान को बड़ी सफलता: 90% लक्ष्य पूरा, 9,095 महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में चलाया जा रहा लखपति दीदी अभियान लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित लक्ष्य का 90 प्रतिशत हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।

जिले को इस वित्तीय वर्ष में 10,124 लखपति दीदी तैयार करने का लक्ष्य मिला था। इसके मुकाबले अब तक 9,095 महिलाओं ने एक लाख रुपये या उससे अधिक वार्षिक आय अर्जित कर लखपति दीदी बनने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। यह सफलता राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति, बिहान मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का लक्ष्य है कि प्रदेश की महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। इसी उद्देश्य से स्व-सहायता समूहों को वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण, विपणन सुविधाएं और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

वर्तमान में जीपीएम जिले में 6,010 स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं। इन समूहों को औसतन 1.92 लाख रुपये प्रति समूह का ऋण उपलब्ध कराया गया है। इस राशि से महिलाएं कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, लघु उद्योग और सेवा क्षेत्र से जुड़े व्यवसाय संचालित कर अपनी आय बढ़ा रही हैं।

जिला प्रशासन और बिहान मिशन महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने, उद्यमिता विकास और बाजार उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं।

लखपति दीदी अभियान ने महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति भी विकसित की है। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Back to top button