मुख्यमंत्री ने गौमाता पर बनी पहली फिल्म ‘गोदान’ का ट्रेलर किया लॉन्च, छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा

गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध – मुख्यमंत्री साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गौमाता पर आधारित पहली फिल्म ‘गोदान’ का ट्रेलर लॉन्च किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि फिल्म ‘गोदान’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस संदेश से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौमाता न केवल आध्यात्मिक रूप से पूजनीय हैं, बल्कि उनका आर्थिक और वैज्ञानिक महत्व भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गौ संवर्धन के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
गौशालाओं में गायों के चारे के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि को 20 रुपए से बढ़ाकर 35 रुपए किया गया है। साथ ही गौशालाओं को अब 25 लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोधामों का निर्माण भी किया जा रहा है, जहां घुमंतू गौवंश की समुचित देखभाल की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मान्यता है कि गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है और हर धार्मिक अनुष्ठान में पंचगव्य का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि ‘गोदान’ जैसी फिल्म के माध्यम से समाज को गौमाता के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा। यह फिल्म जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम बनेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौमाता से प्राप्त गोबर से बनी जैविक खाद ऑर्गेनिक खेती का आधार है और इससे किसानों की आय भी बढ़ सकती है। दो घंटे नौ मिनट की यह फिल्म गौ संरक्षण और संवर्धन का सशक्त संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म का पोस्टर, गीत ‘गौमाता के प्राणों को बचा लो देशवासियों’ तथा पंचगव्य उत्पादों के गिफ्ट पैक का भी विमोचन किया।
कामधेनु फिल्म प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कार्यक्रम में फिल्म निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी सहित कई गणमान्यजन और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





