ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में तिरंगे के रंग में रंगी राजधानी: CM साय के साथ हजारों लोगों ने निकाली तिरंगा यात्रा, 1 किमी लंबे तिरंगे ने खींचा ध्यान

बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली यात्रा; ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजा शहर, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने लिया हिस्सा

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी रायपुर में सोमवार को राष्ट्रभक्ति का नजारा देखने को मिला। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए हजारों नागरिक इसमें शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी हाथ में तिरंगा लेकर लोगों के साथ कदम से कदम मिलाया। यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, पूर्व सैनिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल रहे।

यात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य स्कूली विद्यार्थियों का करीब एक किलोमीटर लंबा तिरंगा रहा। छात्र-छात्राएं इसे हाथों में थामकर अनुशासित तरीके से आगे बढ़े। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

तिरंगा एकता और बलिदान का प्रतीक : CM

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। यह भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों में सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों से परिचित कराना जरूरी है।

वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर को किया याद

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों शहीद वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इन महानायकों ने अन्याय और विदेशी शासन के खिलाफ साहस के साथ संघर्ष किया। उनकी शौर्यगाथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।

साय ने कहा कि बस्तर अब हिंसा के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आने वाले स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर के गांवों और दूरस्थ इलाकों में भी तिरंगा पूरे गौरव के साथ लहराएगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तिरंगा यात्रा को स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति बताया। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे राष्ट्रीय अस्मिता और राष्ट्रभक्ति का सामूहिक प्रदर्शन कहा। यात्रा में कई मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button