रायपुर के थाने में भाजयुमो नेता का हंगामा, तोड़फोड़ पर केस

रायपुर। रायपुर के गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता पर पुलिस कार्रवाई में दखल देने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। मामले में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी समेत 7 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बताया गया कि निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध डीजे बजाने पर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी कार्रवाई को रुकवाने और संबंधित व्यक्ति को छुड़ाने के लिए शुभांकर द्विवेदी थाने पहुंचे थे। यहां पुलिस से विवाद के दौरान थाना परिसर में तोड़फोड़ करने का आरोप है।
नॉर्थ डीसीपी दीपमाला कश्यप ने बताया कि डीजे वाहन छोड़ने के लिए शुभांकर थाने आए थे। विवाद के दौरान उन्होंने तोड़फोड़ की। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और तोड़फोड़ के मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की है।
घटना के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने गुढ़ियारी थाने में तोड़फोड़ और टीआई के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा और पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।





