Gen-Z को साधने BJP ने बनाई खास टीम, छत्तीसगढ़ से ओपी चौधरी शामिल; युवाओं से सीधे संवाद की तैयारी

नई दिल्ली। युवा वोटर्स, खासकर Gen-Z तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए भाजपा ने नई रणनीति तैयार की है। पार्टी ने युवाओं से संवाद और उनकी समस्याओं को समझने के लिए एक विशेष टीम बनाई है। इसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी को शामिल किया गया है।
भाजपा की यह टीम ‘युवा संवाद’ अभियान के जरिए 14 से 25 वर्ष की उम्र के युवाओं से जुड़ेगी। अभियान में युवाओं की समस्याएं, अपेक्षाएं और भविष्य को लेकर उनकी सोच समझने पर जोर रहेगा। युवाओं को भाजपा नेताओं से सीधे सवाल करने और अपने सुझाव रखने का अवसर भी दिया जाएगा। कार्यक्रमों का विस्तृत शेड्यूल जल्द जारी किए जाने की संभावना है।
2027 के चुनावों पर नजर
भाजपा की इस पहल को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर और गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में बड़ी संख्या में युवा मतदाता हैं। पिछले चुनावों में कई सीटों पर जीत का अंतर बेहद कम रहा था। ऐसे में युवा वोटर्स चुनावी नतीजों को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
2029 के लिए भी तैयारी
भाजपा 14 से 17 साल के किशोरों तक भी पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है। पार्टी की रणनीति के मुताबिक, यह वर्ग आने वाले वर्षों में पहली बार मतदान करेगा। ऐसे में युवाओं के साथ शुरुआती स्तर पर संवाद स्थापित कर उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों और विचारों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
ओपी चौधरी की भूमिका अहम
इस टीम में छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी को शामिल किया जाना राज्य के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा युवाओं के बीच रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, तकनीक और नए अवसरों जैसे मुद्दों पर संवाद बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी का फोकस अब केवल युवा मतदाताओं तक पहुंचने पर नहीं, बल्कि उनकी समस्याएं सुनकर सुझावों को संगठन और नीति स्तर तक पहुंचाने पर भी रहेगा।





