StateNewsदेश - विदेश

टाइगर श्रॉफ से पहले अमिताभ, सलमान और आमिर की रेकी की थी: सिक्योरिटी देखकर बदला प्लान, दिल्ली से 4 गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान कई खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टाइगर से पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार की रेकी की थी।

हालांकि, इन अभिनेताओं की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण उन्होंने योजना बदल दी। मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को दो महिलाओं समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर शूटरों तक हथियार पहुंचाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21), सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की राधा (23) व बबीता (23) के रूप में हुई है। इससे पहले फायरिंग करने के आरोप में बिहार के ऋतिक और हरियाणा के रेहान व फूल सिंह को कोटा से गिरफ्तार किया गया था।

एक महीने पहले मुंबई पहुंचे थे आरोपी

जांच में सामने आया कि आरोपियों को करीब एक महीने पहले मुंबई भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने उन्हें किसी बड़े अभिनेता को निशाना बनाने के लिए कहा था। आरोपियों ने अभिनेताओं के घरों की रेकी कर वीडियो भी भेजे थे। सुरक्षा कड़ी होने के कारण उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया।

सात दिन तक की रेकी, फिर की फायरिंग

18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित रहे, जबकि उनका ड्राइवर घायल हो गया। टाइगर खुद उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टाइगर की गतिविधियों की सात दिन तक रेकी की थी। उन्हें पता था कि अभिनेता रविवार शाम फुटबॉल खेलने आते हैं। हमले के लिए सेल्फी लेने के बहाने कार के पास पहुंचने की योजना बनाई गई थी।

हथियार पहुंचाने में महिलाओं की भूमिका

पुलिस का आरोप है कि कुणाल और सुमित ने हथियारों का इंतजाम किया था, जिन्हें राधा और बबीता के जरिए शूटरों तक पहुंचाया गया। मामले में आरोपियों के संपर्कों और कथित गैंग कनेक्शन की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button