StateNewsदेश - विदेश

मुंबई में डेढ़ साल की बच्ची को छठी मंजिल से फेंका, 7 दिन बाद हत्या की FIR

मुंबई। मुंबई के गोरेगांव में 18 महीने की बच्ची की छठी मंजिल से गिरकर मौत के मामले में पुलिस ने सात दिन बाद हत्या की FIR दर्ज की है। बच्ची की मां ने 10 साल की पड़ोसी बच्ची पर उसे खुले डक्ट में धकेलने का आरोप लगाया है। घटना 14 अक्टूबर की रात की है। पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में नाबालिग बच्ची को छोटी बच्ची को उठाकर नीचे धकेलते हुए देखा गया है।

मामला गोरेगांव ईस्ट की शिवशाही बिल्डिंग का है। पुलिस ने शुरुआत में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। बाद में CCTV फुटेज और परिवार की शिकायत के आधार पर हत्या की FIR दर्ज की गई।

कॉमन कॉरिडोर में खेल रही थी बच्ची

FIR के मुताबिक, घटना रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुई। डेढ़ साल की बच्ची छठी मंजिल पर अपने घर के बाहर कॉमन कॉरिडोर में एक बिल्ली के साथ खेल रही थी। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दी, तो मां ने उसके 12 साल के भाई को तलाशने भेजा।

भाई को खुले डक्ट में नीचे बच्ची पड़ी दिखाई दी। उसने तुरंत मां को इसकी जानकारी दी। परिवार बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

साढ़े तीन फीट ऊंची रेलिंग पर उठाए सवाल

मृत बच्ची की मां का कहना है कि छठी मंजिल की रेलिंग करीब साढ़े तीन फीट ऊंची है। ऐसे में बच्ची के खुद गिरने की आशंका पर उन्होंने सवाल उठाए हैं।

परिवार का आरोप है कि CCTV फुटेज में पड़ोस की बच्ची पहले छोटी बच्ची को लिफ्ट के पास बुलाती है और फिर उठाकर डक्ट में धकेल देती है। फुटेज में घटना के बाद नाबालिग को वहां से भागते हुए भी देखा गया।

दो हफ्ते पहले ही रहने आया था परिवार

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी बच्ची का परिवार घटना से करीब दो सप्ताह पहले ही सोसायटी में रहने आया था। घटना के बाद परिवार वहां से चला गया और रिश्तेदारों के साथ रहने लगा।

मृत बच्ची के परिजनों ने CCTV कैमरे बंद किए जाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया था। बोर्ड ने उसकी काउंसलिंग के निर्देश दिए और उसे माता-पिता की देखरेख में छोड़ दिया। मामले में पुलिस जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button