ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बालोद जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया; अफसरों ने शुरु की जांच

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया।

अज्ञात व्यक्ति ने कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मैसेज भेजा, जिसमें कोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब जिला-सत्र न्यायालय के मेल पर धमकी भरा संदेश मिला। कोर्ट प्रशासन ने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को दी।

इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया और पूरे परिसर को खाली करा लिया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट में मौजूद वकील, कर्मचारी और आम लोगों को बाहर निकाल दिया गया। साथ ही कोर्ट के आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई।

करीब दोपहर 12 बजे बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की गई।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर तैनात कर दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह ई-मेल सौरभ विश्वास नाम की आईडी से भेजा गया है। पुलिस इस आधार पर मामले की जांच कर रही है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले 24 फरवरी को बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला न्यायालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

बालोद कोर्ट परिसर के आसपास तहसील कार्यालय, कचहरी और कई शासकीय कार्यालय स्थित हैं, जिससे यह क्षेत्र हमेशा व्यस्त रहता है।

ऐसे में प्रशासन ने पूरे इलाके में विशेष सतर्कता बरतते हुए पुलिस की स्पेशल टीम को जांच में लगाया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमकी कितनी गंभीर थी और इसमें किसी विस्फोटक की मौजूदगी थी या नहीं।

Related Articles

Back to top button