ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

NSA आरोपी को छुड़ाने की कोशिश: परिजनों ने पुलिस वाहन रोका, पेट्रोल बम से थाने और पुलिसकर्मियों को उड़ाने की धमकी

रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी को जेल ले जाते समय बड़ा हंगामा हो गया।

आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पहले थाने में जमकर बवाल किया, फिर बीच सड़क पर पुलिस वाहन रोककर उसे छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पेट्रोल बम से पुलिसकर्मियों और थाने को उड़ाने की धमकी भी दी।

पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचा दिया।

पुलिस के मुताबिक, रायपुर कलेक्टर के आदेश पर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई थी।

गिरफ्तारी के बाद उसे कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए गोबरा नवापारा थाने लाया गया।

इसी दौरान उसके परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए गाली-गलौज व हंगामा करने लगे।

पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को केंद्रीय जेल ले जाने के लिए रवाना हुई।

लेकिन ग्राम बजरंगपुर के पास आरोपियों ने दो-तीन चारपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर पुलिस वाहन का रास्ता रोक लिया।

पुलिस का आरोप है कि समर्थकों ने लल्ला को छुड़ाने की कोशिश की और पेट्रोल बम से हमला करने तथा थाना उड़ाने की धमकी देकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया।

हालात बिगड़ते देख पुलिस बल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ को खदेड़ा और आरोपी को सुरक्षित अपने कब्जे में रखा।

घटना के बाद पुलिस ने हंगामा करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया है और वारदात में इस्तेमाल वाहनों को जब्त कर लिया है।

आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस के अनुसार, टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है।

वर्ष 2010 से अब तक उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, नारकोटिक्स, आर्म्स एक्ट, आबकारी और जुआ-सट्टा समेत 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Back to top button