अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना: श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी साय सरकार, 3 जुलाई तक करें आवेदन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है।
इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रतिभावान बच्चों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को उत्कृष्ट शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।
योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस, छात्रावास, भोजन, गणवेश, पुस्तकें, लेखन सामग्री और अन्य आवश्यक खर्चों का पूरा वहन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल करेगा।
इससे श्रमिक परिवारों पर शिक्षा का आर्थिक बोझ कम होगा और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
राज्य सरकार का मानना है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। इसी सोच के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से श्रमिक और कमजोर वर्ग के परिवारों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने का काम करेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को श्रम विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की सुविधा श्रम विभाग के पोर्टल, निकटतम श्रम कार्यालय, लोक सेवा केंद्र और श्रमेव जयते मोबाइल एप के माध्यम से उपलब्ध है।
यह योजना न केवल श्रमिकों के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा दिलाने में मदद करेगी, बल्कि उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने और सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर भी प्रदान करेगी।





