ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

GST विभाग का बड़ा एक्शन: आरंग-अभनपुर में छापेमारी, एक करोड़ की टैक्स चोरी उजागर

रायपुर। रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में राज्य जीएसटी विभाग ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। विभाग की विशेष टीम ने पिछले एक सप्ताह से विभिन्न उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें बिस्किट, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई संस्थानों की जांच की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कई कारोबारी बड़े स्तर पर उत्पादन और व्यापार करने के बावजूद जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या वास्तविक कारोबार की तुलना में बेहद कम टर्नओवर दिखा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार अभनपुर के कोलर स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के किराना एवं बेकरी कारोबारियों तथा कुछ पोल्ट्री संचालकों के यहां अब तक लगभग एक करोड़ रुपये की कर चोरी का मामला सामने आया है। जांच अभी जारी है, इसलिए कर चोरी का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

जीएसटी अधिकारियों ने बताया कि कई इकाइयां ऊंची दीवारों और बंद परिसरों के भीतर संचालित हो रही थीं, जिससे उनके वास्तविक कारोबार का पता लगाना आसान नहीं था। कई मामलों में बिना वैध इनवॉइस के माल की ढुलाई की जा रही थी, जबकि परिवहन में लगे वाहनों पर पहचान संबंधी जानकारी भी नहीं थी।

कार्रवाई से पहले विभाग ने कई दिनों तक गोपनीय निगरानी की। फैक्ट्रियों से निकलने वाले वाहनों की गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई, माल की आवाजाही पर नजर रखी गई और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई।

स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि बाहरी क्षेत्रों में संचालित बड़े कारोबारों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स चोरी और फर्जीवाड़े के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नए जीएसटी प्रावधानों के तहत बार-बार कर चोरी करने वालों पर गैर-जमानती धाराएं भी लगाई जा सकती हैं, जिससे दोषियों को जेल तक जाना पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button