ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू: 20 जुलाई तक करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, चयनित यात्रियों को 10 अगस्त तक जमा करने होंगे ₹1.52 लाख

रायपुर। हज-2027 की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक आवेदक 22 जून 2026 से 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट और ‘हज सुविधा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से किए जा सकेंगे।

हज कमेटी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन प्रक्रिया के जरिए यात्रियों का चयन किया जाएगा। चयनित आवेदकों को 10 अगस्त 2026 तक 1 लाख 52 हजार 300 रुपए की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद भुगतान के लिए कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।

आवेदन करने से पहले सभी इच्छुक यात्रियों को नियम एवं शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है। हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध भारतीय पासपोर्ट होना अनिवार्य है। इसके अलावा पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक या रद्द चेक तथा पते के प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी भी ऑनलाइन अपलोड करनी होगी।

हज कमेटी ने दस्तावेजों को निर्धारित प्रारूप में जमा करने पर विशेष जोर दिया है, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए। आवेदन की जांच और सत्यापन के बाद ही चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कमेटी ने यात्रियों को सीट कैंसिल करने से बचने की भी सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि अंतिम समय में सीट रद्द होने से यात्रा प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं पर असर पड़ता है। इसलिए केवल वही लोग आवेदन करें, जो यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध हों। नियमों के अनुसार सीट रद्द करने पर निर्धारित जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

हज-2027 के लिए आवेदन शुरू होने के साथ ही देशभर के हजारों मुस्लिम परिवारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अब सभी की नजर चयन प्रक्रिया और आगे की औपचारिकताओं पर टिकी हुई है।

Related Articles

Back to top button