सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या: सोते समय पत्थर से सिर कुचला, अस्पताल में तोड़ा दम

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जेल के भीतर एक सजायाफ्ता कैदी ने अपने ही साथी कैदी पर नाली ढकने वाले भारी पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कैदी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान नीलू जगत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना उस बैरक में हुई, जहां मानसिक रूप से अस्वस्थ कैदियों को रखा जाता है। प्रत्यक्षदर्शी बंदियों के अनुसार, मंगलवार सुबह बैरक में कुछ कैदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू जगत सो रहा था। इसी दौरान एक कैदी ने अचानक नाली पर रखे भारी पत्थर को उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि नीलू जगत मौके पर ही बेहोश हो गया। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
वारदात के बाद जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आरोपी कैदी को अलग बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने हमला क्यों किया और दोनों कैदियों के बीच पहले से कोई विवाद था या नहीं।
इस घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल परिसर के भीतर मौजूद भारी पत्थर कैदियों की पहुंच तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।



