राज्योत्सव: जिलों में मंत्री-सांसद और विधायक होंगे मुख्य अतिथि, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर होंगे कार्यक्रम

‘ विकास योजनाओं की प्रदर्शनी लगेगी, 1 से 3 नवंबर तक रोशन होंगे सरकारी भवन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव मनाया जाएगा। राज्य शासन ने इन कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है।
अलग-अलग जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रमों की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इस दौरान सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी के साथ स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
बिलासपुर में अरुण साव, दुर्ग में विजय शर्मा
राज्य शासन के आदेश के मुताबिक, जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा में रामविचार नेताम, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन और जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
वहीं, राजनांदगांव में गजेंद्र यादव, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल मुख्य अतिथि होंगे।
सांसद और विधायक भी संभालेंगे जिम्मेदारी
बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय, महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी और दंतेवाड़ा में महेश कश्यप मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अलावा मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चंद्राकर, कोंडागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी और बस्तर में किरण देव कार्यक्रम में शामिल होंगे। अन्य जिलों के लिए भी मुख्य अतिथि निर्धारित किए गए हैं।
योजनाओं की प्रदर्शनी, सरकारी भवनों पर रोशनी
राज्योत्सव में विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाएंगे। सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा। जिला स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक जिला मुख्यालयों के सरकारी भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। कलेक्टरों को मुख्य अतिथियों से परामर्श कर कार्यक्रमों की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।





