ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गांजा पीने की शिकायत से नाराज युवक ने ज्वेलर्स के गार्ड पर चापड़ से किया हमला

बिलासपुर में शिकायतकर्ता के पिता को दुकान में घुसकर मारा; बेटा पहुंचा तो उस पर भी हमला करने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में गांजा पीने की शिकायत करने से नाराज युवक ने ज्वेलर्स दुकान के सिक्योरिटी गार्ड पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने शिकायतकर्ता के पिता को निशाना बनाया। हमले में राजेंद्र रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक जूनीलाइन निवासी आदित्य रजक के पिता राजेंद्र रजक सदर बाजार के करोना चौक स्थित राकेश ज्वेलर्स में सिक्योरिटी गार्ड हैं। मोहल्ले में रहने वाला सत्येंद्र यादव अपने दोस्तों के साथ अक्सर गांजा पीता था। आदित्य ने इसका विरोध किया और इसकी शिकायत पुलिस से भी की थी। इसी बात को लेकर सत्येंद्र उससे नाराज था।

बदला लेने ज्वेलर्स पहुंचा आरोपी

शिकायत से नाराज सत्येंद्र पहले आदित्य के घर के पास पहुंचा, लेकिन वहां दोनों नहीं मिले। इसके बाद वह सीधे राकेश ज्वेलर्स पहुंच गया। आरोपी दुकान के अंदर घुसा और ड्यूटी पर मौजूद राजेंद्र रजक पर चापड़ से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलने पर आदित्य भी दुकान पहुंचा। इस दौरान आरोपी ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने सत्येंद्र को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घायल राजेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

गणेश डेकोरेशन का सामान खरीदने गए पिता-बेटी से मारपीट

इधर, तेलीपारा के नवेल्टी स्टोर में गणेश डेकोरेशन का सामान खरीदने पहुंचे पिता-बेटी से मारपीट का मामला भी सामने आया है। अशोक नगर सरकंडा निवासी विकास जायसवाल 13 सितंबर को अपनी बेटी प्रतीज्ञा के साथ सामान खरीदने पहुंचे थे। बिल बनाते समय सामान के रेट में अंतर को लेकर दुकानकर्मी अंजू चौहान से विवाद हो गया।

बेटी ने युवती को चिल्लाकर बात करने से मना किया तो उसने उसका हाथ पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। बेटी को बचाने पहुंचे विकास से भी मारपीट की गई। आरोप है कि युवती ने अपने साथियों को बुलाकर पिता-बेटी से मारपीट कराई। सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button